कोटा , अक्टूबर 21 -- राजस्थान में कोटा के ऐतिहासिक एवं सुप्रसिद्ध राष्ट्रीय मेला दशहरा की भव्य सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला में गुरुवार को 'सिंधी सांस्कृतिक संध्या' का आयोजन किया जायेगा।
महापौर अनुसूइया गोस्वामी ने बुधवार को बताया कि विजयश्री रंगमंच पर आयोजित होने वाली इस विशेष संगीतमय शाम में मुंबई के मशहूर सिंधी गायक, गीतकार, संगीतकार रॉकस्टार नील अपनी धमाकेदार लाइव प्रस्तुति से शहरवासियों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
पिछले 15 वर्षों से संगीत जगत में निरंतर सक्रिय नील तलरेजा एक प्रतिभाशाली लेखक, रचनाकार, और गायक हैं जिन्हें प्रसिद्ध गीत 'दारू दवा' से देश-विदेश में अपार प्रसिद्धि मिली। नील अपनी अनूठी संगीत शैली के लिए जाने जाते हैं जिसमें वह पारंपरिक सिंधी संगीत को आधुनिक बीट्स के साथ मिलाकर प्रस्तुत करते हैं। उनकी इस नवोन्मेषी शैली ने युवा पीढ़ी के बीच सिंधी संगीत और सांस्कृतिक धरोहर को अत्यधिक लोकप्रिय बनाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित