दंतेवाड़ा , फरवरी 06 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिले के छू लो आसमान संस्था परिसर में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए ''परीक्षा की तैयारी के दौरान तनाव प्रबंधन'' विषय पर एक कार्यशाला आयोजित की गई।
जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके के मार्गदर्शन में हुई इस कार्यशाला में जिला नोडल अधिकारी डॉ. देश दीपक ने छात्रों को परीक्षा के तनाव से निपटने के उपाय, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच एवं नियमित दिनचर्या के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को मानसिक दबाव की स्थिति में खुलकर बात करने एवं समय पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने पढ़ाई के दबाव, परीक्षा के भय, एकाग्रता की कमी एवं पारिवारिक अपेक्षाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका समाधान सरल उदाहरणों के माध्यम से दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाना एवं उन्हें परीक्षा अवधि में मानसिक रूप से सशक्त बनाना था।
इस अवसर पर संस्था की प्राचार्य शेफाली भदोरिया, जिला सलाहकार अंकित सिंह, मानसिक स्वास्थ्य सोशल वर्कर विक्रम सहित अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित