मधुबनी , जनवरी 24 -- बिहार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय बालिका दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि समाज में बालिकाओं के अधिकार, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करने का संकल्प है।
मंत्री श्री सहनी ने आज मधुबनी जिला मुख्यालय स्थित डी.आर.डी.ए. सभागार में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि राष्ट्रीय बालिका दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि समाज में बालिकाओं के अधिकार, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज की बेटियाँ हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और यह सरकार की दूरदर्शी नीतियों का ही परिणाम है।
मंत्री श्री सहनी ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा संचालित साइकिल योजना ने बालिकाओं की विद्यालय तक पहुंच को सुदृढ़ किया है, जिससे बालिका शिक्षा में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पोशाक योजना एवं कन्या उत्थान योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं को शिक्षा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया गया है।उन्होंने कहा कि सिविल सर्विसेज प्रोत्साहन योजना के तहत राज्य की बेटियाँ प्रशासनिक सेवाओं में चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे राज्य का मान बढ़ा रही हैं। वहीं महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने से पंचायत, शहरी निकायों एवं सरकारी सेवाओं में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है, जिससे समाज में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन आया है।
श्री सहनी ने कहा कि इन योजनाओं का प्रभाव आज स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। बालिकाएँ आत्मविश्वास से भरी हैं, प्रतियोगी परीक्षाओं में निरंतर सफलता प्राप्त कर रही हैं और हर क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटियों को समान अवसर दें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि जब बेटियाँ शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर होंगी, तभी समाज और राज्य प्रगति की ओर अग्रसर होगा। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए संगीत, पेंटिंग, नृत्य एवं नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित