सुकमा , अक्टूबर 29 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल रोकेल की छात्रा बबली नेगी ने दिल्ली में आयोजित 70वीं डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। बबली ने अंडर-17 बालिका वर्ग में 28.20 मीटर भाला फेंककर राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित करने का गौरव भी हासिल किया।
दिल्ली में 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में विकासखंड छिंदगढ़ स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल रोकेल के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, बबली नेगी ने भाला फेंक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
विद्यालय के प्राचार्य पी.के. दास ने आज बताया कि इस वर्ष क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिताओं में विद्यालय के 89 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें 52 बालक और 37 बालिकाएं शामिल थीं। इनमें से 49 खिलाड़ियों ने जोनल स्तर पर जगह बनाई। इसके बाद 19 बालक और आठ बालिकाओं सहित कुल 27 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ।
राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय के खिलाड़ियों ने हैंडबॉल, नेटबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट, शतरंज, रोलर स्केटिंग, भारोत्तोलन और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। खेल शिक्षक राकेश कुमार के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित