पटना , जून 29 -- बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के प्रवक्ता एजाज अहमद ने सोमवार को बताया कि आगामी 05 जुलाई को राष्ट्रीय जनता दल का 30 वां स्थापना दिवस समारोह प्रदेश के प्रत्येक जिले मनाया जाएगा।
श्री अहमद ने कहा कि इस समारोह की तैयारी के लिए हर जिले में खासतौर पर बनाई गई समिति की बैठक आयोजित की जा रही है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि 05 जुलाई पार्टी की स्थापना दिवस से पहले एक विशेष समारोह 01 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय जनता दल के राज्य मुख्यालय पटना में आयोजित किया जाएगा। इस बाबत 30 जून से ही राज्य मुख्यालय के परिसर और बाहर के आवरण के सजावट का कार्य शुरू हो जाएगा।
श्री अहमद ने कहा कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पार्टी का स्थापना दिवस समारोह मनाया जा रहा है।
राजद प्रवक्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम की तैयारी के लिए राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में उपसमिति का गठन किया गया है, जिसमें राष्ट्रीय महासचिव बिनु यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष तनवीर हसन, पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता,प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, प्रदेश कोषाध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद उर्फ रिंकू यादव, विधान पार्षद कारी मो सोहैब, मुख्यालय प्रभारी मुकुंद सिंह, प्रदेश राजद महिला प्रकोष्ठ की कार्यकारी अध्यक्ष अनीता भारती उप समिति के सदस्य बनाए गए हैं। जो 01जुलाई के कार्यक्रम की व्यवस्था और तैयारी पर कार्य करेंगे।
श्री अहमद ने बताया कि 01 जुलाई को पटना के राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय के कर्पूरी सभागार में होने वाले कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद जी, प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल जी सहित वरिष्ठ नेताओं के साथ, पार्टी के सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, विधान पार्षद, पूर्व विधान पार्षद, गत लोकसभा और विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी, जिला अध्यक्ष, जिलों के प्रधान महासचिव, पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी,प्रदेश के पदाधिकारी,सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष , जिला के अध्यक्ष,सहित अन्य गणमान्य नेता गण उपस्थित रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित