श्रीगंगानगर , जुलाई 28 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता (एनएसपीसी) के पोस्टर का विमोचन मंगलवार को जिला कलेक्टर अमित यादव एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के विभाग संयोजक ताराचन्द रतन ने किया ।
श्री रतन ने बताया कि यह प्रतियोगिता 15 जुलाई से आरंभ हो चुकी है और 15 सितंबर अंतिम तिथि है।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति चेतना जगाने के लिए यह एक सराहनीय पहल है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवा पीढ़ी को जल संरक्षण, एकल उपयोग प्लास्टिक पर रोक और पौधारोपण जैसी गंभीर चुनौतियों के प्रति जागरूक किया जा सकेगा। उन्होंने जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों से इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आग्रह किया।
श्री रतन ने बताया कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने इस प्रतियोगिता के लिए अपना गैर-वित्तीय लोगो समर्थन प्रदान किया है। प्रतियोगिता के दौरान सरकार के 'मिशन लाइफ और"एक पेड़ मां के नाम' अभियान पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। प्रांत नारी शक्ति प्रमुख सोना सिंगाठिया ने बताया कि प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार सभी प्रतिभागी संस्थाओं को कार्यक्रम की शुरुआत में 'मिशन लाइफ' पर आधारित दो मिनट की लघु फिल्म दिखानी होगी। इसके साथ ही अनिवार्य रूप से पौधारोपण अभियान चलाकर उसकी तस्वीरें और वीडियो भारत सरकार के 'मेरी लाइफ' पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।
पोस्ट विमोचन के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के जिला संयोजक जसवीरसिंह एवं दिवानचंद पर्यावरणविद् उपस्थित रहे। सभी ने जिले में इस अभियान को पूरी सफलता के साथ जमीनी स्तर पर लागू करने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित