अलवर , जून 30 -- राजस्थान में भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) अलवर शाखा की ओर से एक जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस उत्साह और सेवा भावना के साथ मनाया जाएगा।

इस अवसर पर पूरे दिन विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सम्मान समारोहों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों की समाज के प्रति समर्पित सेवा का सम्मान करना और रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी कार्यों के प्रति लोगों को प्रेरित करना है।

आईएमए अलवर शाखा द्वारा मंगलवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार दिन की शुरुआत सुबह साढ़े छह बजे शहीद स्मारक से आईएमए हॉल तक संकीर्तन यात्रा से होगी। इसके बाद सुबह आठ बजे से अपराह्न दो बजे तक जिला अस्पताल अलवर के ब्लड बैंक में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें चिकित्सकों के साथ आम नागरिक भी रक्तदान कर सकेंगे।

शाम आठ बजे आईएमए कक्ष में डॉक्टर्स डे समारोह आयोजित होगा, जिसमें चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों का सम्मान किया जाएगा। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस हर वर्ष एक जुलाई को महान चिकित्सक और भारत रत्न डॉ. बिधान चंद्र राय की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिन देशभर में चिकित्सकों की सेवाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित