रायपुर , जुलाई 19 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को कबीरधाम जिले के आठ स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणपत्र प्रदान करते हुए कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
कवर्धा में आयोजित कार्यक्रम में शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि स्वास्थ्य संस्थानों की बेहतर कार्यप्रणाली और मरीजों के प्रति संवेदनशील सेवाओं का प्रमाण है। इस दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर पलानसरी, मिनमिनिया, गोछिया, वीरेंद्रनगर, गौरमाटी, धरमगढ़, गेंदपुर और रंजीतपुर को एनक्यूएएस प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, डॉ. वीरेन्द्र साहू, नितेश अग्रवाल, पूर्व विधायक सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, लोकचंद साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कबीरधाम जिले की 60 शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। यह प्रमाणन सेवा प्रावधान, रोगी अधिकार, नैदानिक सेवाएं, संक्रमण नियंत्रण, समर्थन सेवाएं तथा गुणवत्ता प्रबंधन सहित विभिन्न मानकों पर खरा उतरने वाले संस्थानों को दिया जाता है।
विभाग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले के 73 स्वास्थ्य संस्थानों को प्रमाणीकरण के लिए तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित था, जबकि जिले ने 91 संस्थानों में गुणवत्ता सुधार की प्रक्रिया शुरू कर 125 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। इनमें 60 संस्थानों का राष्ट्रीय प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है, 12 के परिणाम लंबित हैं और 19 संस्थानों में तैयारी जारी है।
प्रमाणित संस्थानों में जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया, एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा 52 उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित