पटना , मार्च 26 -- बिहार कला एवं संस्कृति विभाग तथा भारतीय नृत्य कला मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राष्ट्र भक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने किया।इस अवसर पर मंत्री श्री प्रसाद ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि 'वंदे मातरम्' देश की स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा रहा है और इसने देशवासियों में साहस एवं एकता का संचार किया। उन्होंने बताया कि सात नवंबर 2025 से सात नवंबर 2026 तक पूरे देश में 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से एकजुट होकर भारत को सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने कहा कि 'वंदे मातरम्' केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और स्वाधीनता आंदोलन की प्रेरणा का स्रोत रहा है। इस गीत ने देशवासियों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अंग्रेजों को भी इसकी शक्ति को स्वीकार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति और अस्मिता को संजोए रखना ही किसी राष्ट्र की प्रगति का आधार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित