राजनांदगांव , अगस्त 29 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शनिवार को महापौर मधुसूदन यादव ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरव पथ के पास स्थापित मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा और शैकी बग्गा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, पार्षद रवि सिन्हा और मनोहर यादव सहित खेल जगत से जुड़े खिलाड़ी एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजित खेल रैली में भी महापौर शामिल हुए।
महापौर यादव ने मेजर ध्यानचंद की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह खेल में विलक्षण प्रतिभा के धनी थे, इसलिए उन्हें 'हॉकी का जादूगर' कहा जाता है। उनका जन्म 29 अगस्त 1905 को हुआ था और उनकी जयंती को देश में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। खेल जगत में उनका अद्वितीय योगदान, समर्पण और देश का गौरव बढ़ाने वाली उपलब्धियां हमेशा प्रेरणा देती रहेंगी।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव को हॉकी की नर्सरी के रूप में जाना जाता है और शहर एक बार फिर इस पहचान की ओर बढ़ रहा है। वरिष्ठ खिलाड़ियों और जिला हॉकी संघ की ओर से नए खिलाड़ियों को आगे लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।
महापौर ने कहा कि शहर के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर राजनांदगांव का नाम रोशन कर रहे हैं। इनमें महक निर्वासे, रेणुका यादव और ज्ञानेश्वरी यादव प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि इस बार भी शहर में राष्ट्रीय स्तर का टूर्नामेंट आयोजित होगा और नया एस्ट्रोटर्फ लगाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित