नयी दिल्ली , अगस्त 24 -- राष्ट्रीय खेल दिवस पर देश में युवाओं की बड़े पैमाने पर भागीदारी वाला एक कार्यक्रम "खेलो इंडिया डायलॉग- खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ" का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश भर में 1,500 से अधिक जगहों से युवा, खिलाड़ी और शिक्षण संस्थान एक साथ शामिल होंगे। यह देशव्यापी पहल उभरते युवा खिलाड़ियों को भारत के खेल और युवा इकोसिस्टम के भविष्य पर अपने विचार, सुझाव और नए आइडिया साझा करने के लिए एक सीधा मंच देगी। इस कार्यक्रम में आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, एम्स और प्रमुख मेडिकल कॉलेजों व विश्वविद्यालयों जैसे शिक्षण संस्थान शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। इसके बाद सभी जगहों पर एक साथ फिजिकल कार्यक्रम शुरू होंगे।
इस कार्यक्रम में युवा प्रतिभागी चार मुख्य विषयों पर चर्चा करेंगे। यह है खेल इकोसिस्टम को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर सुविधाओं, कोचिंग और अवसरों का विस्तार करना। वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभा की पहचान और खिलाड़ियों के विकास के जरिए 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करना। शासन में युवाओं के नेतृत्व और भागीदारी को बढ़ाना। और भविष्य के लिए जरूरी स्किल्स, वॉलंटियरिंग और राष्ट्र-निर्माण के अवसरों के साथ युवाओं को सशक्त बनाना।
इस पहल की एक खास बात यह होगी कि खेल में रुचि रखने वाले युवाओं और भारत के प्रमुख खिलाड़ियों व पदक विजेताओं के बीच सीधी बातचीत होगी। दीपा करमाकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और पी.टी. उषा जैसे प्रमुख खिलाड़ियों के साथ-साथ मशहूर क्रिकेटर भी युवाओं से बातचीत करेंगे और अपने खेल के सफर, चुनौतियों और अनुभवों को साझा करेंगे। इस कार्यक्रम में केवल खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि सांसद, विधायक, केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री और राज्यों के खेल मंत्री भी शामिल होंगे। वे युवाओं से बातचीत करेंगे और तय किए गए चार विषयों पर उनके विचार और सुझाव जानेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित