ग्वालियर , अगस्त 28 -- राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई), ग्वालियर में आज तीन दिवसीय 'खेल महोत्सव' का शुभारंभ हुआ। यह आयोजन 28 से 30 अगस्त तक किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में संस्थान की कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा मुख्य अतिथि तथा प्रो. यतेंद्र कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रो. कल्पना शर्मा ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण साधन हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल महोत्सव में पूरे उत्साह और सकारात्मक भावना के साथ भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, निरंतर प्रयास और अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रयास करना है।
उन्होंने कहा कि एलएनआईपीई देश में शारीरिक शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। राष्ट्रीय खेल दिवस को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की खेल प्रतिभा और योगदान को स्मरण करने का अवसर बताते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी तरुण प्रताप सिंह तोमर ने बताया कि तीन दिवसीय खेल महोत्सव के दौरान टग ऑफ वार, पिट्टू, क्रिकेट, साइकिल रैली, स्पोर्ट्स क्विज, हॉकी, योग, शतरंज, रस्सी कूद और रिले रन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें विद्यार्थी, स्टाफ और संस्थान के अन्य सदस्य उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि खेल महोत्सव का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 30 अगस्त को शाम छह बजे ट्रैक एंड फील्ड परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित