रांची , सितंबर 22 -- झारखंड के राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता 'बेस्ट ऑफ द बेस्ट वेल्डर्स-2026' का आज सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमल), जमशेदपुर में शुभारंभ हुआ।
इस प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ वेल्डिंग (आई आई डब्ल्यू), जमशेदपुर शाखा द्वारा सीएसआईआर- इंटीग्रेटेड स्किल इनीशिएटिव के अंतर्गतसीएसआईआर-एनएमलके सहयोग से किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि डॉ. संदीप घोष चौधरी, निदेशक, सीएसआईआर-एनएमल तथा डॉ. आनंद प्रभाकरन, अध्यक्ष, आईआईडब्ल्यू जमशेदपुर शाखा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर डॉ. एस. शिवप्रसाद, वरिष्ठतम वैज्ञानिक 'जी' एवं एचआरजी,सीएसआईआर-एनएमल ने वेल्डिंग की गुणवत्ता तथा वेल्डेड घटकों की महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रकृति पर प्रकाश डाला। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाली वेल्डिंग के महत्व को रेखांकित किया।
डॉ. आनंद प्रभाकरन, अध्यक्ष, आईआईडब्ल्यू जमशेदपुर शाखा ने कुशल एवं गुणवत्तापूर्ण वेल्डरों की बढ़ती मांग पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रतियोगिता में लगभग 33 वेल्डर, जिनमें तीन महिला प्रतिभागी भी शामिल हैं, दो श्रेणियों में भाग ले रहे हैं।
डॉ. एम. उदय भास्कर राव, वैज्ञानिक 'एफ' एवं प्रमुख, इंजीनियरिंग डिवीजन,सीएसआईआर-एनएमल ने एनएमएल में उपलब्ध उन्नत वेल्डिंग सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने टीआईजी, एमआईजीएवं रोबोटिक वेल्डिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों तथा वेल्डिंग क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों पर भी प्रकाश डाला।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. संदीप घोष चौधरी, निदेशक, सीएसआईआर-एनएमलने कहा कि कुशल वेल्डिंग विनिर्माण, औद्योगिक सुरक्षा तथा देश के 'विकसित भारत@2047' के लक्ष्य की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. संदीप घोष चौधरी तथा आईआईडब्ल्यू जमशेदपुर शाखा के अध्यक्ष डॉ. आनंद प्रभाकरन को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन डॉ. अतनु दास, वैज्ञानिक 'ई', सीएसआईआर-एनएमल द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित