टिहरी , अक्टूबर, 30 -- राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में उत्तराखंड की टिहरी पुलिस की ओर से पुलिस लाइन चंबा में शुक्रवार को 'रन फॉर यूनिटी' दौड़ का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ दौड़ लगाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ पुलिस बल में अनुशासन, टीम भावना, राष्ट्रप्रेम और आपसी सद्भाव को मजबूत करना रहा। दौड़ में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के माध्यम से राष्ट्र को और मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ उनमें अनुशासन, समर्पण और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित