औरंगाबाद , अक्टूबर 31 -- बिहार के औरंगाबाद में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल(सीआरपीएफ)के डी 114 त्वरित कार्य बल बटालियन की ओर से शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल के सम्मान में 'रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
'रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम कमांडेट अश्विनी कुमार झा के निर्देश पर उप कमांडेंट दुर्गानंद श्रीवास्तव के नेतृत्व में औरंगाबाद शहर के रमेश चौक से शुरू हुई। इस दौड़ में सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं जवानों के साथ आम नागरिकों नें भी बढ़चढ़कर कर हिस्सा लिया।
क़रीब दो किलोमीटर की इस दौड़ में सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। साथ ही लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया। इस दौड़ का स्वागत स्थानीय जनमानस ने अपनी उपस्थिति व तालियों के साथ गर्मजोशी से किया।
उप कमांडेंट दुर्गानंद श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और आमजनों में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित