नयी दिल्ली , दिसम्बर 27 -- राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन ने देश भर में उपभोक्ताओं की शिकायतों के प्रभावी, समयबद्ध और मुकदमेबाजी से पहले निवारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए आठ महीनों में 31 क्षेत्रों में 45 करोड़ रुपये की राशि उपभोक्ताओं को वापस दिलवाई है। ई-कॉमर्स क्षेत्र में सबसे अधिक 32 करोड़ रुपये और यात्रा तथा पर्यटन क्षेत्र में साढे तीन करोड़ रुपये की राशि वापस दिलवाई गई है।
उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने शनिवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि हेल्पलाइन ने इस वर्ष 25 अप्रैल से 26 दिसंबर तक आठ महीने की अवधि के दौरान 31 क्षेत्रों में राशि वापस दिलवाने के दावों से संबंधित 67,265 उपभोक्ता शिकायतों का समाधान करते हुए 45 करोड़ रुपये की राशि के वापस दिलवाई है।
ई -कॉमर्स क्षेत्र में शिकायतों और वापस दिलवाई गई राशि सबसे अधिक दर्ज की गई जिसमें 39,965 शिकायतों के परिणामस्वरूप 32 करोड़ रुपये की राशि वापस दिलवाई गई। इसके बाद यात्रा और पर्यटन क्षेत्र का स्थान रहा जिसमें 4,050 शिकायतें दर्ज की गई और 3.5 करोड़ रुपये की राशि वापस दिलवाई गई।
ई-कॉमर्स क्षेत्र से संबंधित शिकायतें देश के सभी हिस्सों से प्राप्त हुई जिनमें प्रमुख महानगरों से लेकर दूरस्थ और कम आबादी वाले क्षेत्र भी शामिल हैं। यह राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन की राष्ट्रव्यापी पहुंच, सुगमता और प्रभावशीलता को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित