नांदेड़/ चंडीगढ़ , अगस्त 14 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को कहा कि वह राष्ट्रविरोधी और पंजाब विरोधी ताकतों को राज्य की स्थिति को अपने नियंत्रण में लेकर शांति भंग नहीं करने देंगे। नांदेड़ के एक गुरुद्वारे में हुए हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा कि धार्मिक सद्भाव की रक्षा के लिए वह और शिअद किसी भी बलिदान के लिए तैयार हैं।

श्री बादल ने कहा कि उनके पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने भी ऐसी ताकतों के खिलाफ कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि श्री प्रकाश सिंह बादल ने मुख्यमंत्री रहते हुए पंजाब में सभी धर्मों के बीच सांप्रदायिक सौहार्द बनाये रखा और सभी धर्मों का सम्मान राज्य की नीति का आधार रहा। उन्होंने कहा कि इस विचारधारा के विरोधी तत्वों ने करीब डेढ़ वर्ष पहले अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब परिसर में भी उन्हें निशाना बनाया था और अब एक बार फिर गुरु गोबिंद सिंह जी से जुड़े पवित्र स्थल पर उन पर हमला किया गया है।

शिअद अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के हमले उन्हें डरा नहीं सकते और वह ऐसी ताकतों के सामने कभी नहीं झुकेंगे। उन्होंने कहा, " हम धार्मिक सद्भाव तथा देश और पंजाब की प्रगति के लिए कोई भी बलिदान देने को तैयार हैं। यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आगे भी रहेगी। "श्री बादल ने गुरु गोबिंद सिंह महाराज का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी धरती पर उनकी रक्षा की। उन्होंने कहा कि शांति के दुश्मनों ने उन्हें नुकसान पहुंचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गुरु साहिब उनके बचाव में आये।

इस बीच, बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने शिअद अध्यक्ष के स्वास्थ्य के बारे में व्यक्तिगत रूप से फोन कर जानकारी लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने घटना का तत्काल संज्ञान लेने और जांच में केंद्रीय जांच एजेंसियों को महाराष्ट्र पुलिस के साथ समन्वय करने के निर्देश देने के लिए भी प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।

श्रीमती बादल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस कठिन समय में उनसे संपर्क किया और घटना की प्रभावी जांच सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित