जयपुर , अगस्त 01 -- उच्चतम न्यायालय में अपनी अनुशासनप्रिय और सख्त कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत का जयपुर में एक अलग ही व्यक्तित्व देखने को मिला।

राष्ट्रमंडल शांति मध्यस्थता सम्मेलन के दो दिवसीय प्रवास के दौरान न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने अपनी सहजता, सादगी और आत्मीय व्यवहार से प्रतिभागियों, न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और विदेशी प्रतिनिधियों का दिल जीत लिया।

सम्मेलन के औपचारिक सत्रों के बाद न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने किसी तरह की जल्दबाजी नहीं दिखायी। उन्होंने बच्चों के साथ मुस्कुराते हुए तस्वीरें खिंचवायी, लॉ रिसर्चर्स से रुककर बातचीत की और उनकी जिज्ञासाओं को सुना। मीडिया प्रतिनिधियों के लिए भी उन्होंने विशेष समय निकाला। इसके बाद उन्होंने विदेशी प्रतिनिधिमंडलों, राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और सम्मेलन में आए प्रतिभागियों के साथ एक-एक करके इत्मीनान से तस्वीरें खिंचवायी। मौजूद लोगों का कहना था कि उन्होंने औपचारिक प्रक्रिया से आगे बढ़कर सभी से आत्मीयता से मुलाकात की।

सम्मेलन के दौरान राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव प्रकाश शर्मा की भूमिका भी खूब सराही गयी। उन्होंने पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं पर बारीकी से नजर रखी। अतिथियों के स्वागत से लेकर विभिन्न सत्रों के समन्वय तक हर व्यवस्था को उन्होंने अपने दल के साथ सुचारु रूप से संचालित किया। विशेष बात यह रही कि उन्होंने स्वयं पीछे रहकर अपने दल को आगे रखा और सभी अतिथियों से उनका परिचय कराया।

सम्मेलन में शामिल उच्चतम न्यायालय की अधिवक्ता साक्षी श्रीवास्तव ने कहा, " न्यायमूर्ति सूर्यकांत की सादगी और सभी से सहजता से मिलने का तरीका बेहद प्रेरणादायक रहा। उन्होंने हर प्रतिभागी को सम्मान दिया और ऐसा माहौल बनाया कि हर व्यक्ति स्वयं को इस आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा महसूस कर रहा था।"एक अन्य प्रतिभागी ने कहा, "इतने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने किसी को निराश नहीं किया। बच्चों, युवा विधि अनुसंधानकर्ताओं, अधिवक्ताओं और विदेशी प्रतिनिधियों से जिस आत्मीयता से मिले, वह लंबे समय तक याद रखा जायेगा।"इकतीस जुलाई से शुरू हुआ यह कार्यक्रम कल भी जारी रहेगा, लेकिन शुरुआत के दो दिनों तक चले इस सम्मेलन में न्यायिक गरिमा के साथ मानवीय संवेदनाओं की भी झलक देखने को मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित