रायपुर , अगस्त 03 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 की भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली राज्य की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और पुलिस विभाग में आउट ऑफ टर्न पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री निवास में सोमवार को आयोजित सम्मान समारोह में राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव का अभिनंदन करते हुए श्री साय ने कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने अपने पहले राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 53 किलोग्राम भारोत्तोलन वर्ग में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने कठोर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उनकी उपलब्धि के सम्मान और अन्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा पुलिस विभाग में आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने का निर्णय लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित