किशिनाउ , जुलाई 11 -- मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया संदू ने उद्यमी वासीले टोफान को देश के प्रधानमंत्री पद के लिए आधिकारिक उम्मीदवार नामित किया है। उन्होंने कहा कि नयी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में मोल्दोवा के यूरोपीय संघ में एकीकरण की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाना, सरकारी संस्थानों की मजबूती तथा आर्थिक वृद्धि को गति देना शामिल होगा। सुश्री संदू ने कहा कि सरकार का मुख्य दायित्व यूरोपीय एकीकरण की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करना, राज्य संस्थानों की क्षमता और मजबूती बढ़ाना तथा आर्थिक विकास को फिर से रफ्तार देना होगा।

सत्तारूढ़ पार्टी ऑफ एक्शन एंड सॉलिडैरिटी (पीएएस) के नेता और संसद अध्यक्ष इगोर ग्रोसु ने कहा कि तोफान की कार्यशैली और दृष्टिकोण पार्टी द्वारा मतदाताओं से किये गये वादों के अनुरूप है और उन्हें पार्टी का पूरा समर्थन मिलेगा।

श्री टोफान ने कहा कि वह नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के लिए अपनी पूरी क्षमता से काम करेंगे। श्री ग्रोसु ने बताया कि प्रधानमंत्री पद के लिए नामांकन से पहले उन्होंने श्री टोफान के साथ कई घंटे चर्चा की। उनके अनुसार, श्री टोफान मोल्दोवा के अगले कुछ वर्षों में यूरोपीय संघ में शामिल होने, सरकारी संस्थानों में सुधार, सतत आर्थिक विकास और जारी प्रमुख सुधारों को आगे बढ़ाने के पार्टी के दृष्टिकोण से सहमत हैं।

उन्होंने कहा, " यह मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है, लेकिन मैं इस समय की गंभीरता को भी समझता हूं। लोगों की अपेक्षाएं बहुत अधिक हैं। मेरे पास हर सवाल का जवाब नहीं है, लेकिन मैं अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपनी पूरी ऊर्जा, प्रतिभा और अनुभव समर्पित करूंगा। हमारा उद्देश्य 2028 तक यूरोपीय संघ में शामिल होने संबंधी समझौते पर हस्ताक्षर करना है।"स्थानीय मीडिया के अनुसार, कार्यवाहक प्रधानमंत्री यूजेनियु ओस्मोचेस्कू का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल था और उन्हें मोल्दोवा के अंतरराष्ट्रीय विकास साझेदारों का समर्थन प्राप्त माना जा रहा था।

सुश्री संदू ने 10 जुलाई से संसदीय विपक्ष के साथ परामर्श प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन विपक्षी दल इन बैठकों में शामिल नहीं हुए। इसके बाद शनिवार को पीएएस के साथ परामर्श के उपरांत तोफान के नाम की घोषणा की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित