भुवनेश्वर , नवंबर 27 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को उड़ीसा विधानसभा को संबोधित करते हुए पुराने दिनों को याद करके भावुक हो गयीं।
वह यहां विधानसभा को संबोधित कर रही थीं। ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुकीं राष्ट्रपति मुर्मू, राज्य विधानसभा को संबोधित करते हुए भावुक हो गईं। यह वही संस्था है जहाँ से उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत हुई थी।
राष्ट्रपति ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि विधानसभा का उनका यह दौरा अतीत की यात्रा जैसा था। उन्होंने याद किया कि विधायक के रूप में उन्होंने इस सदन में प्रश्न पूछे थे और मंत्री के रूप में उन्होंने विधायकों के सवालों के जवाब दिए थे।
उन्होंने कहा कि ओडिशा की स्थापना की शताब्दी 2036 में मनाई जाएगी और अगर सभी हितधारक इस वर्ष तक समृद्ध ओडिशा के निर्माण के लिए मिलकर काम करते हैं, तो यह 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में ओडिशा का सबसे बड़ा योगदान होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित