जगदलपुर , अक्टूबर 23 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का शुक्रवार को जगदलपुर स्थित माँ दंतेश्वरी हवाईअड्डे पहुंचने पर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा महोत्सव के महत्वपूर्ण आयोजन मुरिया दरबार में शामिल होगी।
हवाईअड्डे पर कृषि मंत्री राम विचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग और महापौर संजय पांडेय ने भी राष्ट्रपति का स्वागत किया।
राष्ट्रपति का यह दौरा बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि बस्तर दशहरा अपनी अनूठी परंपराओं, जनजातीय आस्था और सांस्कृतिक विशिष्टता के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। इस महोत्सव का महत्वपूर्ण आयोजन मुरिया दरबार ऐतिहासिक रूप से जनसंवाद और सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक रहा है।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु की मुरिया दरबार में सहभागिता से बस्तर की विशिष्ट सांस्कृतिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित