श्रीगंगानगर , जनवरी 28 -- राजस्थान पुलिस के खुफिया प्रकोष्ठ में अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चर्चित हवलदार पवन कुमार मजोका के गणतंत्र दिवस के अवसर पर जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजे जाने के बाद बुधवार को श्रीगंगानगर में अपराध जांच विभाग (सीआईडी) जोन कार्यालय पहुंचने पर स्टाफ सदस्यों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।
स्टाफ ने उनका अभिनंदन किया और इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सीआईडी जोन की प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीक्षा कामरा ने इस अवसर पर पवन मजोका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपराध जांच और गुप्तचरी क्षेत्र में असाधारण योगदान दिया है। उन्होंने विशेष रूप से पवन द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख किया, जिसमें संवेदनशील मामलों में महत्वपूर्ण सूचनाओं का संग्रह, अपराधियों की गिरफ्तारी में सहायता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने जैसे प्रयास शामिल हैं।
श्रीमती कामरा ने उनकी मेहनत, समर्पण और लगन की प्रशंसा की तथा उन्हें आगे भी इसी उत्साह के साथ काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर पवन मजोका ने सभी का आभार व्यक्त किया।
पवन मजोका राजस्थान पुलिस के सीआइडी जोन में हवलदार के पद पर तैनात हैं और उन्होंने कई वर्षों से खुफिया मामलों से जुड़े कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। गणतंत्र दिवस पर जयपुर में राज्यपाल हरीभाऊ बागडे द्वारा उन्हें यह प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया। पुलिस अधिकारियों की वीरता, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए यह पदक दिया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित