नयी दिल्ली , दिसंबर 14 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस पर यहां विज्ञान भवन में एक समारोह में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार (एनईसीए) 2025 और राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता (एनपीसी) 2025 के विजेताओं को सम्मानित किया।
समारोह का आयोजन विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (बीईई) द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्रीमती मुर्मू ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण कोई विकल्प नहीं, बल्कि आज की आवश्यकता है।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भारत वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और देश ने पेरिस समझौते के तहत निर्धारित लक्ष्य से पाँच वर्ष पहले ही 50 प्रतिशत स्थापित क्षमता गैर-जीवाश्म स्रोतों से प्राप्त कर ली है। उन्होंने पीएटी योजना, मानक एवं लेबलिंग, एडीईईटीआईई जैसी बीईई की पहलों को ऊर्जा दक्षता की रीढ़ बताया।
राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस 2025 ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि ऊर्जा संरक्षण तकनीक, नीति और जनभागीदारी का संगम है। उद्योगों, संस्थानों, नवप्रवर्तकों और विद्यार्थियों-सभी के प्रयास मिलकर भारत को हरित, आत्मनिर्भर और सतत भविष्य की ओर ले जा रहे हैं। यह सम्मान न केवल उपलब्धियों की पहचान है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा भी है।
समारोह में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार (एनईसीए) 2025 के तहत उद्योग क्षेत्र के रसायन श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिये म्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड (पुणे) को पुरस्कृत किया गया और ट्रांसपेक इंडस्ट्री लिमिटेड (वडोदरा) को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
एकीकृत इस्पात संयंत्र में श्रेणी में जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड (डोलवी, महाराष्ट्र) ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। इस श्रेणी में टाटा स्टील (ओडिशा), जेएसडब्ल्यू बीपीएसएल (ओडिशा) और अरजास स्टील (आंध्र प्रदेश) को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। टेक्सटाइल्स (लार्ज यूनिट) में रेमंड लग्ज़री कॉटन्स (कोल्हापुर) विजेता रहा, जबकि बिलोसा इंडस्ट्रीज़ और वर्धमान फैब्रिक्स को प्रमाण पत्र दिए गए। टेक्सटाइल्स (स्मॉल यूनिट) में जेनिटेक्स, सूरत ने प्रथम पुरस्कार जीता।
परिवहन क्षेत्र में रेलवे स्टेशनों की श्रेणी में मियाना रेलवे स्टेशन (मध्य प्रदेश) को प्रथम पुरस्कार मिला। मेट्रो स्टेशन श्रेणी में ईस्ट विनोद नगर मेट्रो स्टेशन (दिल्ली) विजेता रहा। भवन श्रेणी में सरकारी भवनों में डीज़ल ट्रैक्शन ट्रेनिंग सेंटर एवं हॉस्टल, गुंतकल को प्रथम पुरस्कार मिला। कॉलेज एवं विश्वविद्यालय श्रेणी में गीता विद्या मंदिर गर्ल्स कॉलेज, सोनीपत विजेता रहा, जबकि आवासीय भवनों में ब्रह्मा कुमारीज़ जगदंबा भवन, पुणे को सम्मान मिला।
संस्थागत प्रदर्शन में राज्य स्तर पर कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल, असम और चंडीगढ़ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
उपकरण श्रेणी में एटोमबर्ग का सीलिंग फैन, एलजी की वॉशिंग मशीन, हायर का रेफ्रिजरेटर, क्रॉम्पटन का वॉटर हीटर और डाइकिन का एयर कंडीशनर एप्लायंस ऑफ द इयर घोषित किए गए। नवाचार पुरस्कार के अंतर्गत आर्सेलर मित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया और वेदांता लिमिटेड (झारसुगुड़ा) को ऊर्जा बचत तकनीकों के लिए सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित