जगदलपुर , अक्टूबर 21 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 23 अक्टूबर को जगदलपुर प्रवास के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए आज ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। राष्ट्रपति सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार और लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा में शामिल होंगी। इसके मद्देनजर शहर में 23 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव लागू रहेगा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 यानी जगदलपुर-रायपुर मार्ग की ओर जाने वाली यात्री बसों, दोपहिया और चारपहिया छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। वाहन बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा मार्ग से आवागमन कर सकेंगे। लालबाग मार्ग पर सामान्य यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

जारी एडवाइजरी के अनुसार, सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कुम्हारपारा चौक, शहीद पार्क, स्टेट बैंक चौक, दंतेश्वरी मंदिर, गोलबाजार चौक, मिताली चौक और सिरहासार भवन से स्वर्गीय बलीराम कश्यप चौक तक आवागमन बंद रहेगा।

सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक सिरहासार भवन से स्वर्गीय बलीराम कश्यप चौक, सर्किट हाउस चौक, भंगाराम चौक, आईजीपी बंगला तिराहा, पुलिस ऑफिसर्स मेस तिराहा और लालबाग हाउसिंग बोर्ड तिराहा तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

इसी तरह, दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक आईजी बंगला तिराहा से कोतवाली मार्ग, त्रिवेणी परिसर, पुलिस पेट्रोल पंप से झंकार टॉकीज तिराहा और शहीद पार्क से कुम्हारपारा चौक तक आवागमन बंद रहेगा। इन मार्गों के विकल्प के रूप में चांदनी चौक से बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा मार्ग होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-30 तक पहुंचा जा सकेगा।

स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए कुम्हारपारा चौक से बोधघाट थाना मार्ग, जमाल मिल तिराहा से एफसीआई गली, महावीर चौक से दुर्गा चौक, स्टेट बैंक चौक से भंगाराम चौक तथा भंगाराम चौक से पथरागुड़ा की ओर क्रॉसिंग की व्यवस्था की गई है। हालांकि, सुरक्षा संबंधी आवश्यकता होने पर इन मार्गों पर भी अस्थायी रोक लगाई जा सकती है।

लालबाग मैदान में आयोजित कार्यक्रम के लिए वाहनों के आवागमन और पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। मंचासीन विशिष्ट अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों के वाहन स्टेट बैंक चौक से कोतवाली तिराहा, पुलिस आईजी बंगला तिराहा और सनसिटी मार्ग होते हुए लालबाग मैदान पहुंचेंगे।

आमसभा में शामिल होने वाले नागरिकों के लिए आमागुड़ा चौक को प्रमुख केंद्र बनाया गया है। कोंडागांव-रायपुर और नगरनार मार्ग से आने वाले वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से होते हुए आमागुड़ा चौक पहुंचेंगे। गीदम और सुकमा मार्ग से आने वाले लोग तेलीमारेंगा-आड़ावाल बायपास अथवा गीदम नाका-सर्गीपाल मार्ग से बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा मार्ग होते हुए पहुंच सकेंगे।

लोहंडीगुड़ा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पल्ली नाका, बीआर कोल्ड स्टोरेज, सर्गीपाल रोड और हाटकचोरा रोड निर्धारित किया गया है। शहर के भीतर से आने वाले नागरिक चांदनी चौक से बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित