रायपुर , अक्टूबर 20 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगी। अपने प्रवास के दौरान वह रायपुर और जगदलपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगी। उनके दौरे को देखते हुए रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। वहीं, वीआईपी मूवमेंट के कारण शहर की 11 सड़कों पर दो दिनों तक यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2000 से ज्यादा जवानों को तैनात किया जाएगा। सुरक्षा इंतजामों में आई-डीआईजी रैंक के अधिकारी भी शामिल रहेंगे। इसके अलावा, अन्य शहरों से भी पुलिस बल बुलाया गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 22 अक्टूबर को दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान वह पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद शाम 4 बजे वह रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। यहां राष्ट्रपति 'सेवा सम्मान पर्व' एवं 'युवा प्रबोधन' कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।

श्रीमती मुर्मु 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे मुरिया दरबार एवं बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित