बैतूल , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में राष्ट्रपति के हालिया दौरे के दौरान हटाए गए स्पीड ब्रेकरों को लेकर सड़क सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। शहर के चक्कर रोड पर रविवार को तेज रफ्तार वाहनों से हुए दो अलग-अलग हादसों में एक महिला और उसका बच्चा घायल हो गए, जबकि एक गाय की मौत हो गई। इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर पुनः स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले हादसे में एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी से जा रही महिला और उसके बच्चे को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ ही देर बाद इसी मार्ग पर एक पिकअप वाहन की चपेट में आने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए चक्कर रोड पर बने कई स्पीड ब्रेकर हटा दिए गए थे, लेकिन दौरा समाप्त होने के बाद उन्हें दोबारा नहीं बनाया गया। उनका आरोप है कि इसके कारण इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार बढ़ गई है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

रहवासियों के अनुसार पहले स्पीड ब्रेकर होने से वाहन चालक गति नियंत्रित रखते थे, लेकिन अब तेज रफ्तार वाहन पैदल यात्रियों, दोपहिया वाहन चालकों और मवेशियों के लिए खतरा बन रहे हैं। उनका दावा है कि पिछले कुछ दिनों में इस मार्ग पर कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क पर तत्काल स्पीड ब्रेकर पुनः बनाने अथवा अन्य प्रभावी यातायात नियंत्रण उपाय लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित