जगदलपुर , अक्टूबर 18 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी 23 अक्टूबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ के बस्तर प्रवास को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रपति विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के अवसर पर सिरहासार भवन में आयोजित ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी।
बस्तर संभाग आयुक्त डोमन सिंह ने श्रीमती मुर्मू के आगमन के मद्देनजर रविवार को वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार आयुक्त श्री सिंह ने कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के साथ मां दंतेश्वरी मंदिर, सिरहासार भवन तथा लालबाग मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। इसके बाद सिरहासार भवन पहुंचकर ऐतिहासिक मुरिया दरबार के आयोजन की तैयारियों और पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखने संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
वहीं, लालबाग मैदान में प्रस्तावित आमसभा और बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित विशेष प्रदर्शनी की तैयारियों की समीक्षा की गई। कमिश्नर ने संबंधित विभागों को मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंध और जनसुविधाओं से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार, अपर कलेक्टर सीपी बघेल एवं दिलेराज डाहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित