रांची , फरवरी 07 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित झारखंड दौरे को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी।

समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक, यातायात, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी सदर, निदेशक बिरसा मुंडा विमानपत्तन, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, भवन निर्माण विभाग, पथ निर्माण विभाग, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल एवं अग्निशमन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू के दौरे को लेकर श्री भजन्त्री द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधा, अग्निशमन, सड़क एवं भवन संबंधी तैयारियों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

श्री भजन्त्री द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि राष्ट्रपति का दौरा जिला प्रशासन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं गौरव का विषय है, अतः सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें।

श्री भजन्त्री ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात सुचारू रखने, वैकल्पिक मार्गों की पूर्व तैयारी, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था, अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन की तत्परता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को राष्ट्रपति रांची में झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित