देवरिया , अगस्त 19 -- आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया की ओर से बुधवार को जिले के सभी बैंकों के प्रबंधकों के साथ प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। बैठक जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धनेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर हुई। इसकी अध्यक्षता प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) अर्चना ने की। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्री-लिटिगेशन स्तर पर ऋण वसूली से संबंधित अधिक से अधिक मामलों को चिह्नित किया जाए, ताकि उनका आपसी सुलह-समझौते के आधार पर राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण कराया जा सके।

राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि सभी बैंक अपने स्तर पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त करें, जो लोक अदालत से संबंधित मामलों के निस्तारण में समन्वय स्थापित करेगा। उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर देते हुए बैंकों से पोस्टर, बैनर तथा इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के जरिए लोगों को लोक अदालत में मामलों के निस्तारण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

बैठक में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सहित विभिन्न बैंकों के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित