गुना , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश के गुना में सरकारी उचित मूल्य दुकान संचालकों ने कमीशन बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। शासकीय उचित मूल्य दुकानदार कल्याण समिति के बैनर तले संचालक हनुमान चौराहे पर एकत्रित हुए और कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। संचालकों ने मांगें पूरी नहीं होने पर तीन अक्टूबर से राशन वितरण बंद करने की चेतावनी दी।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रदेश की करीब 28 हजार शासकीय उचित मूल्य दुकानें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। उनके अनुसार कोविड महामारी सहित विपरीत परिस्थितियों में भी राशन विक्रेताओं ने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सेवाएं दी हैं। बढ़ती महंगाई और कम कमीशन के कारण दुकानों के संचालन तथा परिवार के भरण-पोषण में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदेश सचिव राशन वितरण संघ रशीद खान ने कहा कि मध्यप्रदेश में उचित मूल्य दुकान संचालकों को वर्तमान में 90 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन दिया जा रहा है, जबकि संघ इसे बढ़ाकर न्यूनतम 200 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहा है। उन्होंने अन्य राज्यों में अधिक कमीशन मिलने का दावा करते हुए गुजरात में 300 रुपये, बिहार में 258 रुपये, केरल में 270 रुपये, हरियाणा में 200 रुपये, राजस्थान में 150 रुपये, दिल्ली में 200 रुपये, उत्तराखंड में 195 रुपये और उत्तरप्रदेश में 125 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन दिए जाने की बात कही।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि खाद्यान्न वितरण का कमीशन बढ़ाकर न्यूनतम 200 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के राशन विक्रेताओं की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए न्यूनतम आय 40 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित की जाए। परिवहन और तौल के दौरान होने वाले खाद्यान्न के नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए प्रति क्विंटल एक किलोग्राम की छूट दी जाए।

उन्होंने मासिक कमीशन का भुगतान प्रत्येक माह की पांच तारीख तक अनिवार्य रूप से करने तथा सेवा सहकारी संस्थाओं को वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी की। राशन दुकान संचालकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो तीन अक्टूबर से प्रदेशभर में राशन दुकानों में ताले डालकर वितरण बंद कर दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित