शिवपुरी , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने चार सदस्यीय जांच दल गठित किया है। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शिवपुरी आनंद राजावत की अध्यक्षता में जांच दल का गठन किया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जांच दल राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी लेकर अनियमितताओं की जांच करेगा तथा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी देगा। दल को 15 दिवस के भीतर संपूर्ण जांच प्रतिवेदन सक्षम अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने राशन वितरण से संबंधित शिकायतों की सूचना देने के लिए व्हाट्सऐप नंबर भी जारी किया है। नागरिक इस माध्यम से राशन वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना दे सकेंगे। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है। अधिकारियों के भ्रमण के दौरान कुछ राशन दुकानों में अनियमितताएं और शिकायतें सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित