नूंह , अक्टूबर 11 -- केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने रविवार को नूंह जिले के गांव कुरथला में शहीद समय सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उन्होंने गांव के विद्यालय का नाम शहीद समय सिंह के नाम पर रखने, शहीद विक्रम सिंह के नाम पर भी विद्यालय का नामकरण करने तथा शहीद छतरपाल सिंह के नाम पर गांव में प्रवेश द्वार बनवाने की घोषणा की। उन्होंने सामुदायिक केन्द्र के निर्माण के लिए 21 लाख रुपये देने का भी ऐलान किया।

उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि गांव कुरथला देशसेवा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इस छोटे से गांव ने देश की रक्षा करते हुए अपने सात वीर सपूतों को खोया है। इन शहीदों का बलिदान राष्ट्र हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानियों के कारण ही देशवासी स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं और लोकतांत्रिक अधिकारों का उपयोग कर पा रहे हैं।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने शहीद समय सिंह के पिता दलबीर सिंह, माता बिरेश देवी और उनकी बहनों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने शहीद किरण सिंह शेखावत के ससुर एवं पूर्व सरपंच श्रीचंद को भी सम्मानित किया।

श्री राव ने कहा कि शहीदों के नाम पर विद्यालयों और प्रवेश द्वार का निर्माण उनकी वीरता और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा करनी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सेना में सेवा पूरी करने के बाद अग्निवीरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों में भर्ती के दौरान उन्हें अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव के विकास और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित