लखनऊ , जुलाई 23 -- राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा के प्रथम आगमन पर आयोजित स्वागत समारोह के दौरान संगठन ने एक नई परंपरा की शुरुआत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मंच पर जाने से पहले भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान नेता चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा तथा चौधरी चरण सिंह के प्रति सम्मान व्यक्त करने वाली नई संगठनात्मक परंपरा बताया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी द्वारा उत्तर प्रदेश का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद पहली बार प्रदेश मुख्यालय पहुंचे अनुपम मिश्रा का ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। उनके स्वागत के लिए प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे, जिससे कार्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
श्री मिश्रा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व संगठन के लाखों कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं से जुड़ा है, जिसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा और समर्पण से करेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। संगठन को मंडल, जिला, विधानसभा, ब्लॉक और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा के समन्वय से संगठन को नई दिशा दी जाएगी। साथ ही किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, शिक्षकों तथा समाज के सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ने पर विशेष बल दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित