रायसेन , अगस्त 03 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-45 स्थित केमवाली जंगल में जीजा-साली के पेड़ से फंदे पर लटके शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद करीब चार घंटे तक शव वाहन मौके पर नहीं पहुंचने से आपातकालीन व्यवस्था पर भी सवाल उठे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक ने बताया कि सोमवार सुबह जंगल से गुजर रहे राहगीरों ने पेड़ से लटके दो शव देखे और इसकी सूचना सुल्तानपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार शवों की पहचान रूपेश कुशवाहा और उसकी सगी साली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर मर्ग कायम कर लिया है तथा आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने शव वाहन के लिए सूचना प्रसारित की, लेकिन करीब चार घंटे तक वाहन उपलब्ध नहीं हो सका। इस दौरान पुलिस ने हाईवे से गुजर रहे वाहनों से भी सहयोग का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की पेट्रोलिंग गाड़ी से दोनों शवों को सुल्तानपुर थाना लाया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृतका की पहली शादी टूट चुकी थी और एक-दो माह पूर्व ही उसका दूसरा विवाह हुआ था। पुलिस इस पहलू सहित अन्य सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित