रायसेन , फरवरी 15 -- रायसेन के ऐतिहासिक रायसेन किला पर स्थित प्राचीन सोमेश्वर धाम के कपाट आज शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण तथा जिला प्रशासन की उपस्थिति में सुबह 5:50 बजे सूर्योदय के साथ मंदिर के ताले खोले गए।
इस अवसर पर एसडीएम मनीष शर्मा, तहसीलदार भरत मांडरे और पुरातत्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। यह मंदिर वर्षभर बंद रहता है और केवल विशेष अवसरों पर ही दर्शनार्थियों के लिए खोला जाता है, जिससे भक्तों में भारी उत्साह देखा गया।
सुबह से ही किले की पहाड़ियों पर शिवभक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रशासन के अनुसार दिनभर में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के भगवान सोमेश्वर के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए पहुंचने का अनुमान है। लगभग 600 फीट की ऊंचाई पर स्थित किले तक पहुंचने और मंदिर में दर्शन करने में श्रद्धालुओं को करीब दो घंटे का समय लग रहा है।
भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। किले परिसर में पुलिस बल, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य तथा महिला सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। मंदिर के कपाट सूर्यास्त तक खुले रहेंगे, जिसके बाद प्रशासन और पुरातत्व विभाग की मौजूदगी में पुनः बंद कर दिए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित