ऋषिकेश , अप्रैल 4 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश नगर निगम की ओर से रायवाला क्षेत्र में गौशाला का निर्माण कराया जाएगा।
महापौर शम्भू पासवान ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए भूमि चिह्नित कर कब्जे में ले ली गई है और जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए लगभग पांच करोड़ रुपये का बजट शासन से इसी माह जारी होने की संभावना है। बजट मिलते ही निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
महापौर ने बताया कि गौशाला बनने के बाद सड़कों, गलियों और राजमार्ग पर घूम रहे गौवंश को वहां स्थानांतरित कर दिया जाएगा, जिससे यातायात बाधित होने की समस्या कम होगी। आगामी चार धाम यात्रा को देखते हुए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि शहर में आवारा गौवंश के कारण दुर्घटनाएं, जाम और किसानों की फसलों को नुकसान जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित