ऋषिकेश, जून, 16 -- त्तराखंड के ऋषिकेश में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत मंगलवार को रायवाला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चार पेटी शराब और बीयर बरामद की है। मामले में एक विधि-विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली रायवाला पुलिस टीम ने मंगलवार को प्रतीतनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने प्रतीतनगर तिराहे से मिडवे होटल जाने वाले पुराने मार्ग पर स्काउट-गाइड ग्राउंड के समीप एक युवक को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उसके पास से ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की के 14 हाफ, इंपीरियल ब्लू व्हिस्की के 96 पव्वे, डर्क 11000 बीयर के 24 कैन तथा बीयांग बीयर के 24 कैन बरामद किए गए। बरामद शराब और बीयर कुल चार पेटियों में रखी हुई थी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास पुत्र सुरेश राणा (19 वर्ष), निवासी खैरी खुर्द, रायवाला के रूप में हुई है। पुलिस जांच में एक विधि-विवादित किशोर की संलिप्तता भी सामने आने पर उसे संरक्षण में लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित