रायबरेली , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी वांछित बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू (35) पुत्र भगवानदीन निवासी गदिया, थाना कोतवाली नगर, जिला बाराबंकी के रूप में हुई है। वह हरचंदपुर थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

उन्होंने बताया कि हिलगी पुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बाराबंकी और रायबरेली जिलों में मारपीट, अवैध असलहा रखने और अन्य आपराधिक गतिविधियों के कई मुकदमे दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित