रायबरेली , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले की लालगंज पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी वीजा और हवाई टिकट देकर ठगी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक व्यक्ति से 90 हजार रुपये की ठगी की थी और करीब 100 अन्य लोगों से भी विदेश भेजने के नाम पर धनराशि हड़पी थी।
पुलिस सूत्रों से रविवार को मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित सूर्यपाल यादव ने शिकायत की थी कि लालगंज क्षेत्र में संचालित न्यू बैसवारा टूर एंड ट्रैवल्स के संचालक और उसके सहयोगियों ने अजरबैजान, रूस आदि देशों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे 40 हजार रुपये ऑनलाइन और 50 हजार रुपये नकद लिए थे। इसके बाद उन्हें फर्जी वीजा और हवाई टिकट देकर धोखाधड़ी की गई। पीड़ित जब ट्रैवल्स के कार्यालय पहुंचा तो वहां ताला लगा मिला।
इस मामले में लालगंज थाने में वर्ष 2025 में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। बताया गया कि रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लालगंज-डलमऊ मार्ग पर पूर्व में संचालित ट्रैवल्स कार्यालय के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सिवान जिले के मटुक छपरा, बड़का गांव निवासी किशन कुमार मिश्रा और कुशीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के विशुनपुर बरियापट्टी निवासी अमित कुमार तिवारी के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन, दो पासपोर्ट, छह एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक मतदाता पहचान पत्र, 3,100 रुपये नकद और एक सुजुकी अर्टिगा कार बरामद की है। कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित