रायबरेली , मई 6 -- उत्तर प्रदेश मे रायबरेली जिले के डीह और भदोखर थाना क्षेत्रों में पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में लूट के सात वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि आज थाना डीह और भदोखर पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध बदमाशों की घेराबंदी की, जवाबी कार्रवाई में अक्षत मिश्रा निवासी पूर्व नयन थाना डीह, मोहित आर्या निवासी मोहल्ला गौड़ा थाना डीह तथा प्रयागराज साहू निवासी सराय मानिक थाना डीह के पैर में गोली लगी। वहीं संतोष निर्मल व अभिषेक निर्मल निवासी पुरे धनऊ मजरे खैतोंधन थाना डीह, अरविंद प्रजापति निवासी बोहरईया थाना डीह और सूरज निवासी कस्बा डीह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी लूट की घटनाओं में वांछित थे और एक संगठित गिरोह के रूप में सक्रिय होकर ग्रामीण क्षेत्रों में बोरा-टोंटी पीतल की लूट को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त लूट से संबंधित दस बोरा-टोंटी पीतल, एक चार पहिया वाहन तथा एक ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है, जिनका उपयोग वारदात में किया जाता था।
पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित