रायबरेली , मई 16 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के लालगंज क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो पुलिसकर्मियों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाइसेंसी 32 बोर रिवॉल्वर, कारतूस और शस्त्र लाइसेंस बुक बरामद की है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि लालगंज थाना क्षेत्र के पूरे कल्लू मजरे कोइरिहा गांव में 15 मई को खेत जाने के रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान मारपीट हुई और गांव के कुछ लोगों के उकसाने पर अतुल यादव ने लाइसेंसी 32 बोर रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। फायरिंग की घटना में रामचंद्र और मनोज नामक दो युवक घायल हो गए। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
घटना के संबंध में बच्चूलाल की तहरीर पर थाना लालगंज में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कानपुर और सुल्तानपुर जिलों में तैनात पुलिसकर्मी बताए गए सगे भाई अतुल कुमार यादव और अंकित यादव पुत्रगण बालेश्वर निवासी कल्लू का पुरवा मजरे कोइरिहा थाना लालगंज, अनुज यादव, बालेश्वर उर्फ छेदीलाल यादव, दिलीप कुमार लोधी उर्फ भल्ले तथा विवेक कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी 32 बोर रिवॉल्वर, चार कारतूस और शस्त्र लाइसेंस बुक बरामद की है। मामले में आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित