रायबरेली , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर उसके शव को घर के कमरे में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि उसका पति फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी डलमऊ ने शनिवार को बताया कि डलमऊ क्षेत्र के पूरे रजऊ मजरे की रहने वाली रीता पासवान अपने मायके में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, उसका पड़ोसी अमित रैदास के साथ प्रेम संबंध था और दोनों साथ रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि उनके संबंध से एक पुत्री भी है।

पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई की रात अमित घर पर मौजूद था। इसी दौरान रीता का पति रामप्रकाश वहां पहुंच गया। दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान अमित की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी गई।

आरोप है कि घटना के बाद शव को घर के एक कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया तथा ऊपर ईंटें रखकर कच्ची फर्श बना दी गई। दो दिन बाद घर से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के आधार पर कमरे की खुदाई कराई, जहां से अमित का शव बरामद हुआ।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई अजित की तहरीर पर रीता और उसके पति रामप्रकाश के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में रीता ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसके और उसके पति के संबंध विच्छेद हो गए थे और वह अमित के साथ रहने लगी थी। बाद में पति-पत्नी के संबंध सामान्य हो गए थे। पुलिस के अनुसार, महिला ने यह भी बताया कि घटना वाले दिन विवाद के दौरान उसके पति ने साड़ी से गला घोंटकर अमित की हत्या कर दी।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला से पूछताछ जारी है, जबकि फरार आरोपी रामप्रकाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित