रायबरेली , सितंबर 17 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों से भेंट की। उन्होंने वृद्धजनों को अंगवस्त्र एवं फल वितरित कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर वरिष्ठ नागरिकों के बीच उपस्थित होने का अवसर मिला, जिनका आशीर्वाद सभी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन माता-पिता एवं अभिभावक के समान हैं और उनकी सेवा, सम्मान एवं देखभाल करना सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता के सम्मान और सेवा को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। माता-पिता अपने बच्चों के जन्म से लेकर उनके भविष्य को संवारने तक जीवनभर त्याग और परिश्रम करते हैं। ऐसे में प्रत्येक संतान का दायित्व है कि वह अपने माता-पिता की सेवा करे और उन्हें सम्मान एवं स्नेह प्रदान करे।

मंत्री ने कहा कि कुछ परिस्थितियों में वृद्ध माता-पिता को वृद्धाश्रम में रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने ऐसे बच्चों को सद्बुद्धि मिलने की कामना करते हुए कहा कि वे अपने माता-पिता को अपने साथ रखें, उनकी सेवा करें और उनका आशीर्वाद प्राप्त करें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा, संस्कार और सामाजिक दायित्व की भावना को निरंतर मजबूती मिल रही है। उन्होंने वृद्धाश्रम में मौजूद वृद्धजनों से प्रधानमंत्री को आशीर्वाद देने का आग्रह किया, ताकि वे स्वस्थ एवं दीर्घायु रहें तथा देश की सेवा और कल्याण के लिए इसी ऊर्जा के साथ कार्य करते रहें।

वृद्धाश्रम में मौजूद वृद्धजनों ने भी मंत्री को आशीर्वाद दिया तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह, अधीक्षक धनंजय सिंह, रामबली सिंह, शिव कुमार सिंह, देवेन्द्र सिंह, लखन सिंह, राकेश गुप्ता, आशीष पाठक सहित वृद्धजन उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित