रायबरेली , अगस्त 09 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में रविवार को मिशन शक्ति अभियान चरण 5.0 के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल का आयोजन किया गया।
पुलिस सूत्रों से आज मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान महिलाओं को 1090, 181, 112, 1076, 102, 1930, 101 और 1098 समेत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि महिला हेल्पलाइन 1090 पर शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है, जिससे महिलाएं बिना भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
कार्यक्रम में कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और मातृशक्ति वंदन योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। चौपाल में महिलाओं की समस्याएं सुनकर उनके प्रभावी निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित