रायबरेली , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के जगतपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक महिला का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रीता (37) पत्नी मनोज कुमार के रूप में हुई है। शव गांव से करीब 200 मीटर दूर आज सुबह खेत से बरामद हुआ।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला की हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी डलमऊ ने बताया कि मृतका मूल रूप से जम्मू की रहने वाली थी। करीब 17 वर्ष पहले मनोज कुमार, जो उस समय जम्मू में माली का काम करता था, ने रीता से प्रेम विवाह किया था। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें 10 वर्षीय बेटा और छह वर्षीय बेटी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में रीता के धर्मेश पासी (35) के संपर्क में आने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष रीता धर्मेश से मनमुटाव के कारण अपने पति और परिवार के पास वापस लौट आई थी। मनोज कुमार वर्तमान में अंबाला में नौकरी करता है।

पुलिस के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि रीता के वापस अपने परिवार के पास लौटने से धर्मेश पासी उससे रंजिश रखने लगा था। इसी विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस क्षेत्राधिकारी डलमऊ ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संदिग्ध धर्मेश पासी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित