रायबरेली , मई 25 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में सोमवार तड़के दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। इनमें बछरावां क्षेत्र स्थित एक प्लाई फैक्टरी में लगी भीषण आग ने प्रशासन और दमकल विभाग की चिंता बढ़ा दी।

फायर ब्रिगेड विभाग के सूत्रों के अनुसार पहली घटना अचलेश्वर महादेव मंदिर, पारा क्षेत्र में रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि करीब सवा 12 बजे हुई, जहां मंदिर परिसर के पास स्थित एक विशाल बरगद के पेड़ में अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

वहीं दूसरी और अधिक गंभीर घटना बछरावां थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया बगाही में सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुई। यहां राकेश जलाल की मनी प्लाई फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

अग्निकांड की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ सहित रायबरेली जनपद की करीब आठ दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार फैक्टरी में भारी नुकसान हुआ है।

फिलहाल दोनों घटनाओं में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित