रायबरेली , अक्टूबर 07 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में बुधवार सुबह अलग रह रहे पति ने पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों से आज बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, हसनपुर गांव निवासी विद्यावती (47) पिछले करीब पांच वर्षों से अपने घर में अकेली रह रही थीं, जबकि उनके पति रामनाथ गांव के पास स्थित एक बाग में घास-फूस की झोपड़ी बनाकर अलग रहता था। बुधवार सुबह करीब सात बजे विद्यावती शौच से लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में रामनाथ ने उन्हें रोक लिया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर रामनाथ ने लाठी से विद्यावती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

लाठी की चोट लगने से विद्यावती गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति रामनाथ को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि पूछताछ में रामनाथ ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी के ऊपर संदेह था और उसे आशंका थी कि पत्नी उसकी हत्या करवा देगी। दंपती के पांच बच्चे हैं।

पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित