रायबरेली , अक्टूबर 05 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के सरेनी थाना क्षेत्र के बेनी माधवगंज गांव में सोमवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव उसके घर में पंखे के कुंडे से लटका मिला।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान हरिकेश (45) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रविवार रात हरिकेश का व्यवहार सामान्य था। वह खाना खाने के बाद सोने के लिए कमरे में चला गया था। सोमवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने कुंडा खोलकर अंदर देखा तो हरिकेश पंखे के कुंडे पर कपड़े के सहारे लटका मिला। परिजनों ने शव को नीचे उतारने के बाद पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि रात तक किसी तरह के विवाद या तनाव की बात सामने नहीं आई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित