रायबरेली , जुलाई 20 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के भदोखर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बेला भेला के पास दो स्कूल वाहनों की आमने-सामने हुई टक्कर में आधा दर्जन से अधिक छात्र-छात्राएं घायल हो गए। घायलों में एक छात्र के पैर में फ्रैक्चर होने पर उसे निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य बच्चों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेला भेला में कराया गया।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे दरियापुर स्थित सत्यनारायणी इंटर कॉलेज की बस और उत्तरपारा स्थित लियो कॉन्वेंट स्कूल की मैजिक वैन बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थीं। बेला भेला के समीप दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणो ने सभी घायल बच्चों को तत्काल सीएचसी बेला भेला पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
हादसे में लियो कॉन्वेंट स्कूल के छात्र अर्थ (14) के पैर में फ्रैक्चर हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। अन्य घायलों में सत्यनारायणी इंटर कॉलेज, दरियापुर की छात्राएं विजय लक्ष्मी (12 वर्ष, कक्षा नौ), रागिनी (14 वर्ष), सौम्या (12 वर्ष) और मोनी अग्रहरी सहित कई बच्चे शामिल हैं। सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार सीएचसी में किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित